हरिद्वार के भूपतवाला स्थित निराला धाम आश्रम में विश्व शांति और मानव कल्याण के संकल्प के साथ 37वें 40 दिवसीय विराट शिव शक्ति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। महायज्ञ के 25वें दिन श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए आश्रम की परमाध्यक्ष एवं नागेश्वर पीठाधीश्वर माता आशा भारती महाराज ने कहा कि संसार में भगवान शिव की शक्ति सर्वोपरि है और वे अपने हर भक्त का कल्याण करते हैं। उन्होंने ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा को एक दिव्य और सिद्ध संत बताते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू की गई इस महायज्ञ की परंपरा को आश्रम पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहा है। माता आशा भारती ने विश्वास जताया कि निराला धाम आने वाले भक्तों को महादेव की कृपा और लहरी बाबा का आशीर्वाद अवश्य प्राप्त होता है।
इस अवसर पर स्वामी रविदेव शास्त्री ने भी अपने विचार रखे और ब्रह्मलीन निराला स्वामी लहरी बाबा को संत समाज की एक महान विभूति बताया। उन्होंने कहा कि निराला धाम में नागेश्वर गद्दी के दर्शन-पूजन करने और माता आशा भारती महाराज से आशीर्वाद लेने वाले भक्तों का जीवन सफल हो जाता है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और महायज्ञ में अपनी आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।