दीपावली पर्व को लेकर नैनीताल जनपद में प्रशासन अलर्ट, 13 क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट तैनात

Listen to this article



आतिशबाजी की बिक्री एवं सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी
नैनीताल:  धार्मिक आस्था से जुड़े दीपावली के महापर्व को शांतिपूर्ण,सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने दीपावली पर्व के दृष्टिगत जनपद के 13प्रमुख क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।दीपावली का प्रमुख पर्व 06 से 11नवंबर के मध्य मनाया जाएगा।इस दौरान जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित किए जा रहे हैं।जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी आदेश के अनुसार नैनीताल में उप जिला मजिस्ट्रेट,भवाली में तहसीलदार मजिस्ट्रेट नैनीताल,भीमताल में तहसीलदार मजिस्ट्रेट धारी,हल्द्वानी नगर में नगर मजिस्ट्रेट हल्द्वानी,हल्द्वानी ग्रामीण में उप जिला मजिस्ट्रेट,श्रीकैंचीधाम में अपर उप जिला मजिस्ट्रेट श्रीकैंचीधाम,धारी में उप जिला मजिस्ट्रेट धारी,लालकुआं में उप जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक),कालाढूंगी में उप जिला मजिस्ट्रेट कालाढूंगी,रामनगर में उप जिला मजिस्ट्रेट रामनगर,काठगोदाम में तहसीलदार मजिस्ट्रेट हल्द्वानी,बैतालघाट में तहसीलदार मजिस्ट्रेट बैतालघाट तथा खनस्यूं में तहसीलदार मजिस्ट्रेट खनस्यूं को तैनात किया गया है।जिला मजिस्ट्रेट ने सभी तैनात मजिस्ट्रेटों को निर्देश दिए हैं कि वे दीपावली त्योहार से तीन दिन पूर्व से ही अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर स्थिति का जायजा लें तथा पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें।इसके लिए पुलिस अधिकारियों के साथ आवश्यक बैठक कर क्षेत्र की संवेदनशीलता के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने निर्देशित किया कि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।त्योहार के अवसर पर विभिन्न कारणों से विवाद की आशंका वाले स्थानों को चिह्नित कर समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए,ताकि जनपद में सौहार्द एवं शांति व्यवस्था बनी रहे।जिला मजिस्ट्रेट ने आतिशबाजी एवं विस्फोटक पदार्थों के परिवहन,भंडारण तथा बिक्री के संबंध में निर्धारित नियमों एवं प्रतिबंधों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए ताकि आतिशबाजी एवं विस्फोटक पदार्थों के दुरुपयोग तथा किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा अशांति फैलाने की आशंका को रोका जा सके।जिला मजिस्ट्रेट ने अग्निशमन विभाग को भी निर्देशित किया है कि क्षेत्र में उपलब्ध सभी फायर बिग्रेड वाहन एवं अन्य अग्निशमन उपकरण पूर्ण रूप से कार्यशील स्थिति में रहें।साथ ही हाइड्रेंट्स की जांच कर उनकी क्रियाशीलता सुनिश्चित की जाए,ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।उन्होंने महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी समुदायों के सम्मानित नागरिकों,समितियों तथा संबंधित पदाधिकारियों के साथ दीपावली से पूर्व बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।उन्होंने विवाद की संभावना वाले मामलों का तत्काल निराकरण करते हुए गंभीर घटनाओं को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के भी निर्देश दिए।उन्होंने सभी तैनात मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने,नियुक्ति स्थल पर उपस्थित रहने तथा बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।जिला मजिस्ट्रेट ने संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेटों,तहसीलदारों,नायब तहसीलदारों एवं राजस्व अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार शांति व्यवस्था हेतु तैनात रहने के निर्देश देते हुए कहा है कि सभी अधिकारी पूर्ण सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करें,ताकि दीपावली का पर्व जनपद में शांति,प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.