चीनी मिल के केमिकल युक्त पानी से गन्ना और हरा चारा सूखा, सहकारी गन्ना विकास समिति ने किया निरीक्षण

Listen to this article

हरिद्वार: लक्सर सहकारी गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष अनुराग चौधरी ने लक्सर चीनी मिल से निकलने वाले केमिकल युक्त पानी की समस्या को उजागर किया है। उन्होंने सोमवार को ग्राम अकोढ़ा कलां का दौरा कर खेतों का जायजा लिया, जहाँ मिल का गंदा पानी सीधे फसलों को नुकसान पहुँचा रहा है।

​किसानों ने चौधरी को बताया कि इस दूषित पानी के कारण उनकी गन्ने की फसल और पशुओं के लिए हरा चारा सूख रहा है। इसके अलावा, पीने का पानी भी प्रदूषित हो रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।

​अकोढ़ा कलां, केहड़ा, बिजोपुरा और आसपास के कई गाँव इस समस्या से प्रभावित हैं। समिति अध्यक्ष ने मिल प्रबंधन को चेतावनी देते हुए तत्काल इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही कोई कदम नहीं उठाया गया, तो आगामी बुवाई सत्र में गन्ना बीज की उपलब्धता और कुल गन्ना उत्पादन प्रभावित हो सकता है।

​इस मामले की जानकारी सहायक गन्ना आयुक्त हरिद्वार, उप जिलाधिकारी लक्सर और उत्तराखंड के आयुक्त गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग को भी भेज दी गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.