भारड़ीसैंण में पंचायत चुनाव और स्थायी राजधानी के मुद्दे पर हंगामा

Listen to this article

भारड़ीसैंण:  उत्तराखंड की अंतरिम राजधानी भारड़ीसैंण में चल रहे विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान विपक्ष ने पंचायत चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। विपक्ष का आरोप है कि हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुई हैं, जिससे राज्य की लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मुद्दे पर हुए हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही को कई बार स्थगित करना पड़ा।

वहीं दूसरी ओर, विधानसभा के प्रवेश द्वार दीवालीखाल में उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने भी जोरदार प्रदर्शन किया। यूकेडी ने भाजपा और कांग्रेस दोनों पर उत्तराखंड के गठन की मूल भावना की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। यूकेडी नेताओं का कहना है कि दोनों प्रमुख दल गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाने के मुद्दे पर कभी गंभीर नहीं रहे, जबकि यह उत्तराखंड आंदोलन की प्रमुख मांग थी।

​यूकेडी के नेताओं, बृजमोहन सजवान और आशीष नेगी ने कहा कि राज्य के 25 साल पूरे होने के बावजूद आम जनता अभी भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और कांग्रेस ने जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है।

​प्रदर्शन के दौरान यूकेडी कार्यकर्ता विधानसभा की तरफ कूच करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें दीवालीखाल स्थित बैरियर पर ही रोक दिया। इस दौरान यूकेडी नेताओं ने यह भी कहा कि वे उत्तराखंड के मठों, मंदिरों, जंगलों और जमीनों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.