अल्मोड़ा में ‘सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन’ अभियान: मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण

Listen to this article

अल्मोड़ा:  उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा की सचिव सुश्री शचि शर्मा ने ‘सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन’ अभियान के तहत कई जागरूकता कार्यक्रम और निरीक्षण किए। 18 अगस्त 2025 को सीनियर और ड्रग इंस्पेक्टरों के साथ सुश्री शर्मा ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जलना में एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया।

शिविर में विद्यार्थियों को एक्सपायर्ड और नशीली दवाओं के दुष्प्रभाव के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें नालसा, सालसा, और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों, मुफ्त कानूनी सहायता, और स्थायी लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गई। पोक्सो अधिनियम और आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत (13 सितंबर 2025) की भी जानकारी दी गई। इस दौरान एक नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया और अभियान से संबंधित पैम्फलेट वितरित किए गए।

शिविर के बाद, सचिव ने तहसील लमगड़ा और ग्राम जलना के लीगल एड क्लीनिक का दौरा कर अधिकार मित्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभियान के अगले चरण में, सचिव, सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर मीनाक्षी बिष्ट, ड्रग इंस्पेक्टर पूजा जोशी और अन्य चिकित्सा अधिकारियों ने लमगड़ा के विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानों में एक्सपायर्ड दवाओं, गंदगी और लाइसेंस में गड़बड़ी पाई गई। कुछ दुकानों में तो एक्सपायरी बॉक्स और कैमरे भी नहीं लगे थे। एक मेडिकल स्टोर को बिना मालिक और फार्मासिस्ट के संचालित होते पाए जाने पर उसका क्रय-विक्रय रोक दिया गया।

अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नियमों का पालन करने, एक्सपायरी बॉक्स बनाने, ग्राहकों को बिल देने और दुकान में कैमरे लगाने के निर्देश दिए। यह अभियान आम जनता को सुरक्षित दवाएं उपलब्ध कराने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.