स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा: नगर निगम हल्द्वानी ने वार्ड 50 में घर-घर चलाया कचरा पृथक्करण जागरूकता अभियान
हल्द्वानी। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जारी ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा-2026 के छठे दिन नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम द्वारा वार्ड संख्या-50 में विशेष स्रोत पर कचरा पृथक्करण और जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा के दिशा-निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत मुकानी क्षेत्र की मित्रापुरम और दयाल विहार कॉलोनी के लगभग 70 घरों में डोर-टू-डोर संपर्क किया गया।
अभियान के दौरान बैंणी सेना और पीएमयू टीम के सदस्यों ने नागरिकों को घर पर ही कचरे को चार प्रमुख श्रेणियों—गीला, सूखा, सैनिटरी और हानिकारक कचरा—में अलग-अलग रखने का महत्व समझाया:
- गीला कचरा: रसोई का बचा भोजन, फल-सब्जियों के छिलके और फूल-पत्तियां (जैविक खाद बनाने हेतु)।
- सूखा कचरा: प्लास्टिक, बोतलें, कागज़, रबर, कांच और धातु (पुनर्चक्रण हेतु)।
- सैनिटरी कचरा: सैनिटरी नैपकिन, डायपर, बैंडेज आदि (कागज या लिफाफे में सुरक्षित लपेटकर देने हेतु)।
- हानिकारक कचरा: एक्सपायरी दवाइयां, सीएफएल, बैटरियां, पेंट और ई-कचरा।
टीम ने नागरिकों को कचरा संग्रहण वाहन में अलग-अलग कचरा सौंपने की अपील की और सैनिटरी कचरे की सुरक्षित पैकिंग का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने संदेश दिया कि स्रोत पर ही कचरे का सही निस्तारण करने से शहर स्वच्छ रहता है, पुनर्चक्रण आसान होता है और पर्यावरणीय जोखिम कम होते हैं।
अभियान में वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सी.एस. टोलिया, बैंणी सेना परियोजना प्रबंधक मनोज नेगी, मनीष पांडे, पंकज द्विवेदी सहित बैंणी सेना के सदस्य उपस्थित रहे। नगर निगम के साथ-साथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी स्वच्छता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं।