बच्चों की सुरक्षा पर एक्शन मोड में परिवहन विभाग: हरिद्वार में 30 स्कूली वाहनों पर गिरी गाज

Listen to this article

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन और सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में बुधवार को जनपद में विद्यालय वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न स्कूलों की 54 गाड़ियों का सघन निरीक्षण किया गया, जिसमें मोटरयान अधिनियम और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 30 वाहनों के चालान काटे गए।

​जांच के दौरान वाहनों में कई तरह की सुरक्षा और वैधानिक कमियां सामने आईं। इनमें एक वाहन बिना फिटनेस, छह में परमिट संबंधी अनियमितता, एक का बीमा समाप्त और एक वाहन बिना वैध प्रदूषण प्रमाणपत्र के चलता पाया गया। इसके अलावा एक चालक के दस्तावेज अपूर्ण मिले, चार वाहनों में आपातकालीन द्वार या सुरक्षा उपकरणों में कमी थी, आठ गाड़ियों में फर्स्ट एड बॉक्स गायब थे और 10 वाहनों में अग्निशमन यंत्र या तो नहीं थे या एक्सपायर हो चुके थे। वहीं टैक्स और ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी चार अन्य गड़बड़ियां भी पकड़ी गईं, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

​कार्रवाई के दौरान वाहन स्वामियों, स्कूल प्रबंधन और चालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। विभाग ने साफ किया कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी और मुकेश भारती की मौजूदगी में चलाए गए इस अभियान के बाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि स्कूली वाहनों की चेकिंग का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.