बेतालघाट/नैनीताल। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान’ के तहत मंगलवार को विकासखंड बेतालघाट के राजकीय इंटर कॉलेज लोहाली में एक दिवसीय विशाल जनकल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ नैनीताल विधायक श्रीमती सरिता आर्य ने दीप प्रज्वलित कर किया।
41 शिकायतों का मौके पर निस्तारण:
शिविर में पेयजल, सड़क, सिंचाई, विद्युत, राजस्व और स्वास्थ्य से जुड़ी कुल 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शिविर के माध्यम से लगभग 260 लोगों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ मिला।
विभिन्न विभागों द्वारा दी गई सुविधाएं व जानकारियां:
- स्वास्थ्य विभाग: 100 से अधिक लोगों की निःशुल्क जांच व दवा वितरण किया गया। 14 वर्षीय बालिका को सर्वाइकल कैंसर निरोधक टीका लगाया गया।
- महिला एवं बाल विकास: 3 महिलाओं को ‘मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट’ वितरित की गई।
- अन्य विभाग: कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, खेल और सहकारिता विभाग के स्टॉलों पर पेंशन, किसान सम्मान निधि, स्वरोजगार ऋण और खेल प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी गई।
- जनप्रतिनिधियों की मांगें: क्षेत्रवासियों ने सड़कों की मरम्मत, पुराने पोल बदलने, सोलर लाइट लगाने तथा गुलदार-बंदरों के आतंक से मुक्ति हेतु पिंजरा लगाने की मांग रखी, जिस पर विधायक ने वन विभाग को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दल ने नुक्कड़ नाटक और लोकगीतों के माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अंकित शाह, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम अनुराग आर्य, तहसीलदार भुवन चंद भंडारी सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।