भीमताल में आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित

Listen to this article

भीमताल। विकास भवन सभागार में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ प्रदेश के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार आपदा प्रबंधन प्रणाली को सुदृढ़ करने और रिस्पॉन्स टाइम कम करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए आधुनिक तकनीक अपनाने, सूचना तंत्र को मजबूत करने और अंतर-विभागीय समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

कार्यशाला में उपस्थित राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला और ले. कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी (से.नि.) ने जनपद स्तर पर आपसी सामंजस्य बढ़ाने और आपदा प्रबंधन तंत्र में पूर्व सैनिकों के अनुभव का लाभ उठाने की बात कही। अपर सचिव प्रकाश चन्द्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर सभी जनपदों में इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं ताकि अधिकारियों व कर्मचारियों को क्षमता विकास, प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली और आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूक किया जा सके।

तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने जीआईएस प्रणाली, ‘सचेत’ ऐप, आईडीआरएन (IDRN) पोर्टल और आपदा जोखिम न्यूनीकरण फ्रेमवर्क पर विस्तृत जानकारी दी। इससे पूर्व, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मंत्री का स्वागत करते हुए मानसून अवधि के दौरान हुए नुकसान तथा चलाए जा रहे राहत व पुनर्निर्माण कार्यों की जानकारी दी।

इस अवसर पर नैनीताल विधायिका सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.