मेयर किरण जैसल ने करायी कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त
हरिद्वार। मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान व्यापारियों एवं कर्मचारियों के बीच हुए विवाद में अभद्रता का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठे नगर निगम कर्मचारियों ने मेयर किरण जैसल से वार्ता के बाद हड़ताल वापस ले ली।बृहस्पतिवार से नगर निगम का कामकाज सुचारू रूप से चलेगा।कर्मचारियों के धरने पर पहुंची मेयर किरण जैसल ने कहा कि कर्मचारी और व्यापारी सदैव ही एक साथ मिलकर शहर की समस्याओं को हल करने में अपना योगदान देते हैं।एक दूसरे को हमेशा ही सहयोग की आवश्यकता पड़ जाती है।उन्होंने कहा कि जिसमें कई बार मतभेद हो जाते हैं। लेकिन आपसी समन्वय से सब ठीक हो जाता है।उन्होंने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों सहित सभी का सम्मान जरूरी है।मेयर से वार्ता के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने और काम पर वापस लौटने की घोषणा की।
कैंचीधाम स्थापना दिवस मेला 15 जून को, तैयारियों पर मुख्य सचिव ने दिए सख्त निर्देश
देहरादून। कैंचीधाम में 15जून को होने वाले वार्षिक स्थापना दिवस मेले को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने बुधवार को सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक में पुलिस,जिला प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को सुव्यवस्थित आयोजन के निर्देश दिए।मुख्य सचिव ने पीक टाइम को देखते हुए अगले 10दिन का रूट प्लान और ट्रैफिक व्यवस्था तैयार करने को कहा।मेला क्षेत्र के लिए जोनल और सेक्टर प्लान बनेगा। पार्किंग और रूट प्लान का प्रचार राज्य के अंदर-बाहर भी होगा।सौंदर्यीकरण और प्रकाशीकरण जल्दी पूरा करने के निर्देश।मेला और पार्किंग क्षेत्र में पेयजल,टॉयलेट जैसी मूलभूत सुविधाएं पुख्ता हों।मल्टीलेवल पार्किंग में आने-जाने का रास्ता अलग रखा जाए। पार्किंग से मंदिर तक शटल सेवा चलेगी।वैकल्पिक मार्ग,रूट डायवर्जन और ब्लैक टॉपिंग का काम पुलिस व पीडब्ल्यूडी करेगी।आकस्मिक स्थिति के लिए निकासी योजना अनिवार्य। स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ एंबुलेंस तैनात रहेंगी।भीड़ प्रबंधन के लिए हितधारकों से लगातार संवाद करने को कहा।बैठक में सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल,आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत,आईजी निवेदिता कुकरेती,डीएम नैनीताल ललित मोहन रयाल और एसएसपी मंजुनाथ टीसी वीडियो कॉन्फ्रेंस से जुड़े। बाबा नीम करौली के भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए इस बार प्रशासन खास सतर्कता बरत रहा है।