हरिद्वार संक्षिप्त: चार धाम यात्रा और भारत विकास परिषद का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न

Listen to this article

चारधाम यात्रा: ऋषिकुल मैदान पंजीकरण केंद्र पर उमड़ी भीड़, एक दिन में 6080 श्रद्धालुओं ने कराया रजिस्ट्रेशन

हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को विभिन्न राज्यों से पहुंचे कुल 6080 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। पर्यटन विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी की गई है। विभाग द्वारा दिए गए आंकड़ों के अनुसार, रविवार को यमुनोत्री धाम के लिए 1313, गंगोत्री धाम के लिए 1328, केदारनाथ धाम के लिए 1602 तथा बद्रीनाथ धाम के लिए 1836 यात्रियों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया। इसके अलावा हेमकुंड साहिब के लिए भी 01 यात्री ने पंजीकरण कराया। ऋषिकुल मैदान स्थित इस केंद्र की महत्ता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां से अब तक कुल 2 लाख 68 हजार 6 सौ 89 यात्री चारधाम यात्रा के लिए अपना सुरक्षित पंजीकरण करा चुके हैं।

भारत विकास परिषद का शपथ ग्रहण समारोह: संगठन के प्रति समर्पण से ही संभव है सच्ची समाज सेवा

भारत विकास परिषद की पंचपुरी शाखा की नवनियुक्त कार्यकारिणी के लिए बीती देर शाम भगतसिंह चौक के पास स्थित एक होटल में भव्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं परिषद की प्रान्तीय अध्यक्ष मनीषा सिंघल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति संगठन के प्रति समर्पित रहकर ही मानव व समाज के लिए सच्चे सेवाभाव को पूर्ण कर सकता है। उन्होंने आगे कहा कि भारत विकास परिषद समाज में संपर्क, संस्कार, सहयोग, सेवा और समर्पण के संकल्प के साथ लगातार गरीब व जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए सेवा प्रकल्प के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रही है।इसी कार्यक्रम के दौरान परिषद की जगदम्बा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पूर्व क्षेत्रीय सचिव बी पी गुप्ता ने कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि वे अपनी दैनिक व्यस्तताओं के बावजूद समाज के वंचित और गरीब वर्ग की सहायता के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। वहीं पंचपुरी शाखा के नवनियुक्त अध्यक्ष कुशल श्रीवास्तव ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा व ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे और संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे। इससे पहले, अधिष्ठापन अधिकारी व प्रांतीय सचिव संजय गर्ग ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। इस गरिमामयी अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष ललित पांडे, संगठन सचिव निखिल वर्मा, प्रांतीय संयोजक प्रचार एवं प्रसार कुशलपाल सिंह चौहान सहित अनिल जैन, अमित सैनी, अजय कुमार श्रीवास्तव, द्विजेंद्र पंत, अमित गुप्ता, सचिन नामदेव, ललित मोहन जोशी और विकास गिरी जैसे कई वरिष्ठ सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.