पुलिस ने किया रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की हत्या का खुलासा
हरिद्वार।थाना बहादराबाद,कोतवाली रानीपुर और सीआईयू की संयुक्त टीम ने रिटायर्ड एयर फोर्सकर्मी की हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए मृतक के बेटे सहित तीन आरापियों को गिरफ्तार किया है।बेटे ने ही करोड़ों की संपत्ति हड़पने के लिए दोस्तों के साथ मिलकर पिता की हत्या की साजिश रची थी।थाना बहादराबाद में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 29नवम्बर की मृतक भगवान सिंह के बेटे यशपाल ने अपने पिता को दोस्त की शादी में रोशनाबाद ले जाने का झांसा देकर कार में बैठाया।जटवाड़ा पुल से आगे पहुंचने पर उसके साथी ललित मोहन उर्फ राजन और शेखर पहले से घात लगाए बैठे थे।योजना के मुताबिक राजन को दोस्त बताकर कार में बैठाया गया और मौका मिलते ही राजन ने तमंचे से रिटायर्ड एयरफोर्स ऑफिसर भगवान सिंह की कनपटी पर दो राउंड फायर कर हत्या कर दी।वारदात के बाद आरोपी यशपाल ने पुलिस को 112 पर काल कर झूठी कहानी बतायी कि लिफ्ट के बहाने कार में सवार हुए अज्ञात व्यक्ति ने पिता को गोली मार दी।पूछताछ में बेटे के बदलते बयान और संदिग्ध गतिविधियों से पुलिस को शक हुआ।कड़ाई से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया।तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद राजन की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा,खोखा कारतूस,जैकेट और जूते बरामद किए गए।पिता द्वारा संपत्ति बेटे के नाम न किए जाने और गलत संगत के कारण भविष्य में उसे बेदखल करने की बात से नाराज बेटे ने 30लाख रुपए और एक स्कॉर्पियो देने का लालच देकर अपने साथियों को पिता की हत्या के लिए तैयार किया था।