हरिद्वार, 23 अगस्त। भूपतवाला स्थित मां गंगा आश्रम के महंत ठाकुर बसंत दास ने आश्रम के सेवादारों पर कब्जा करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बात करते हुए पुलिस-प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है।
महंत बसंत दास ने बताया कि पूर्व महंत अन्नपूर्णा के निधन के बाद उन्हें आश्रम का महंत नियुक्त किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व महंत द्वारा सेवा के लिए रखे गए कुछ लोग अब आश्रम के चार कमरों पर कब्जा करके रह रहे हैं और उन्हें धमका रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि इन लोगों को स्थानीय नेताओं और असामाजिक तत्वों का संरक्षण प्राप्त है। महंत बसंत दास ने अपनी और आश्रम की सुरक्षा की मांग करते हुए पुलिस से इन अनधिकृत लोगों को आश्रम से बाहर निकालने की गुहार लगाई है। इस दौरान संजय आहूजा समेत कई अन्य लोगों ने भी महंत का समर्थन किया।