डोईवाला: डोईवाला स्थित एक माइनिंग प्लांट में 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है। शनिवार को हुई इस घटना के बाद रविवार को भी सैकड़ों लोगों ने डोईवाला चौक पर जाम लगाकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि तीन बच्चियां कूड़ा बीनने के लिए एक प्रॉपर्टी पर गई थीं। प्रॉपर्टी मालिक ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, जिसके दौरान दो लड़कियां भाग गईं जबकि एक नाबालिग उनके हाथ लग गई। उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही बताया गया कि बच्ची ने आत्महत्या कर ली है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसपी देहात रेनू लोहनी ने बताया कि शिकायत के आधार पर दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी बताया गया कि शनिवार को नाबालिग का शव माइनिंग प्लांट में खिड़की पर चुन्नी के सहारे लटका मिला था। इस घटना के बाद से ही परिजनों और हिंदूवादी संगठनों द्वारा डोईवाला कोतवाली में हंगामा किया गया और डोईवाला चौक पर कई घंटों तक जाम लगा रहा। शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।