हरिद्वार, 1 जुलाई 2025: हरिद्वार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान आज श्यामपुर कोतवाली में तैनात दरोगा वीरेंद्र गुसाईं की अचानक तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। वे रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में कांवड़ मेले की तैयारियों के तहत चल रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में ड्यूटी पर थे।
अचानक सीने में दर्द उठने के बाद वे वहीं गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने उनकी मृत्यु का कारण हृदय गति रुकना बताया है।
इस आकस्मिक निधन से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलने पर एसपी सिटी पंकज गैरोला, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी, कोतवाली नगर प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह, श्यामपुर एसओ नितेश शर्मा सहित कई पुलिस अधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मृतक दरोगा वीरेंद्र गुसाईं गुमानीवाला, ऋषिकेश के निवासी थे। उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे अस्पताल पहुंच गए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।