हरिद्वार, 27 मई: देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देवपुरा स्थित पंडित गोविंद वल्लभ पंत पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग और स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुरली मनोहर ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने और भारत के प्रथम प्रधानमंत्री बनने के उपरांत आधुनिक भारत की नींव रखने पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रामयश सिंह और वरिष्ठ नेता ओपी चौहान ने कहा कि पंडित नेहरू ने पंचशील योजना के माध्यम से भारत को सशक्त बनाया। उन्होंने यह भी बताया कि पंडित नेहरू आजादी के आंदोलन में 9-10 वर्ष जेल में रहे और देश को आजादी मिलने के बाद उद्योग धंधों और कारखानों की स्थापना की।
महेश प्रताप सिंह राणा और महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष संतोष चौहान ने पंडित नेहरू के सार्वजनिक क्षेत्र के निर्माण और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने लाखों लोगों को सार्वजनिक क्षेत्र के माध्यम से रोजगार देकर अर्थव्यवस्था को मजबूत किया और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास किए।
युवा कांग्रेस के हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष और एनएसयूआई के शहर अध्यक्ष ने कहा कि पंडित नेहरू ने पूरे विश्व में अपने नेतृत्व का लोहा मनवाया और विदेशों में भी उनकी नीतियों को सराहा गया।
वीरेंद्र श्रमिक और विकास सिंह ने भी इस अवसर पर पंडित नेहरू को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष नितिन यादव, दिनेश वालिया, पार्षद हिमांशु गुप्ता, सोहित सेठी, विवेक भूषण विक्की, नौमान अंसारी, अकरम अंसारी, अरुण राघव, तरुण व्यास, उदयवीर सिंह चौहान, अजय गिरी, हिमांशु राजपूत, करतार सिंह खारी, सीपी सिंह, ओम मलिक, करन सिंह राणा, आकाश बिरला, सर्रा ठाकुर, सुनील कुमार प्रजापति, आयुष कुमार, सुमन अग्रवाल, आयुष अरियाल, सोनू शर्मा, संजय वाल्मीकि आदि कार्यकर्ताओं ने भी पंडित नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित किए।