हरिद्वार: विश्व मलेरिया दिवस पर जिलाधिकारी कर्मेंद्र सिंह ने डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए अंतर विभागीय बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों से आपसी समन्वय से कार्य करने और स्वच्छता पर ध्यान देने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को जागरूकता अभियान चलाने और चिकित्सा सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों के माध्यम से भी जानकारी प्रसारित करने की बात कही। जल संस्थान और नगर निकायों को पानी के रिसाव को ठीक करने और नालियों की सफाई करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ आर के सिंह ने तैयारियों की जानकारी दी और बताया कि अस्पतालों में 100 बेड आरक्षित हैं और पर्याप्त ब्लड बैंक उपलब्ध हैं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।