हल्द्वानी में कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस का विरोध, सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
देहरादून। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल के कथित ‘शुद्धिकरण’ को लेकर कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने के लिए सड़कों पर उतरे। तेज बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में खरगे की रैली के बाद कार्यक्रम स्थल का ‘शुद्धिकरण’ कराया जाना सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। पार्टी ने इस मामले में जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ता निर्धारित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हाथीबड़कला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेड लगाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पर चढ़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी नागरिकों को समान सम्मान मिलना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार सामाजिक मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई करने के बजाय राजनीतिक विवाद को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कथित ‘शुद्धिकरण’ मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन केवल एक घटना के विरोध तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश में बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, किसानों की समस्याओं और भू-माफिया सहित विभिन्न जन मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ पार्टी की आवाज है। नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस लगातार आंदोलन करती रहेगी।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया। कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान किसी बड़े अप्रिय घटनाक्रम की सूचना नहीं मिली।
भाजपा ने भी किया विरोध
कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच भाजपा ने भी कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने देहरादून में मार्च निकालकर कांग्रेस पर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की राजनीति करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक मुद्दा बनाने की कोशिश बताते हुए कांग्रेस से सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की।