कनखल में बेकाबू कार ने तीन गायों को रौंदा, मौके से गाड़ी छोड़ फरार हुआ कथित समाजसेवी; हिंदू संगठनों की चुप्पी पर उठे सवाल

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल स्थित बैरागी कैंप क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक बेकाबू कार ने तीन गायों को बुरी तरह कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में तीनों गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद कार सवार आरोपी वाहन को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि दुर्घटना में शामिल वाहन एक ऐसे कथित समाजसेवी का है, जो सोशल मीडिया पर लाइव आकर नशे और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मुहिम चलाने का दावा करता है।
18 घंटे बाद भी सन्नाटा, उठ रहे गंभीर सवाल
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के 18 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी किसी संगठन या धार्मिक संस्था की ओर से कोई विरोध दर्ज नहीं कराया गया है। आमतौर पर गोवंश से जुड़े मामलों में मुखर रहने वाले हिंदू संगठनों की इस मुद्दे पर खामोशी अब चर्चा का विषय बनी हुई है। न तो पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने को लेकर कोई प्रदर्शन हुआ, न ही आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कोई धरना दिया गया।
कनखल के संतों और मठाधीशों की खामोशी पर चर्चा
कनखल क्षेत्र, जो प्रमुख धार्मिक संस्थाओं, संतों और मठाधीशों का केंद्र माना जाता है, वहां से भी इस घटना पर अब तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों के बीच यह सवाल जोर पकड़ रहा है कि यदि गोवंश आस्था का प्रतीक है, तो विरोध और न्याय का पैमाना आरोपी के चेहरे, जाति या पहचान के आधार पर तय क्यों हो रहा है?
फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की वैधानिक जांच कर रही है और फरार चालक को पकड़ने के लिए प्रयासरत है।