हरिद्वार। श्रीपंच निर्मोही अनी अखाड़े के अध्यक्ष एवं अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज का संत समाज ने बैरागी कैंप स्थित श्रीपंच निर्मोही अनी अखाड़े में स्वागत किया।
इस अवसर पर जगद्गुरू द्वाराचार्य भैय्याजी महाराज ने कहा कि श्रीमहंत राजेंद्रदास युवा संतों को एकजुट कर सनातन धर्म के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में कार्य करेंगे तथा अखाड़ा परिषद को नई पहचान देंगे।
श्रीमहंत राजेंद्रदास महाराज ने संतों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सनातन संस्कृति विश्व की श्रेष्ठ संस्कृति है और युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव से बाहर निकलकर भारतीय परंपराओं को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी अखाड़ों को साथ लेकर अगले वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कुंभ मेले के दौरान युवाओं को धर्म और संस्कृति से जोड़ने के लिए विशेष शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। इस अवसर पर कई संत-महंतों ने अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कुंभ मेले के सफल आयोजन का संकल्प दोहराया।