ताजा खबरें:  हरिद्वार जनपद की आज की ताजा खबरें, यहां देखें

Listen to this article

चाकू के साथ संदिग्ध गिरफ्तार

हरिद्वार:  ज्वालापुर कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान गणेश विहार अयोध्या धाम के पास से एक व्यक्ति को चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शोयब पुत्र जरीफ निवासी जमालपुर कला, थाना कनखल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकद्मा दर्ज किया है।

​अनीस गौड़ के नेतृत्व में मजबूत होगा अल्पसंख्यक मोर्चा

हरिद्वार:  भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मुनव्वर कुरैशी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनीस गौड़ का जोरदार स्वागत किया। कुरैशी ने कहा कि अनीस गौड़ के नेतृत्व में अल्पसंख्यक मोर्चा को मजबूती मिलेगी और अल्पसंख्यकों के हितों में काम होंगे। मंडल अध्यक्ष एजाज हसन ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष केंद्र और राज्य की योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर अल्पसंख्यकों के उत्थान में निर्णायक भूमिका निभाएंगे।

​बीएचईएल हरिद्वार में राजभाषा सम्मान समारोह

हरिद्वार:  बीएचईएल में राजभाषा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जुलाई, अगस्त और सितंबर में आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि महाप्रबंधक रंजन कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और हिंदी के अहम योगदान पर जोर दिया। महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता ने गतिविधियों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। समारोह में विजेताओं को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र दिए गए। इस दौरान बीएचईएल हरिद्वार की गृह पत्रिका ‘भेल गंगा’ का विमोचन भी किया गया और उपस्थित लोगों ने हिंदी में अधिक कार्य करने की शपथ ली।

​गुरु के सानिध्य में ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त: श्रीमहंत सतीश गिरी

हरिद्वार:  कनखल सन्यास मार्ग स्थित श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े में संत समागम का आयोजन हुआ। श्रीमहंत सतीश गिरी महाराज ने कहा कि संसार में गुरु का स्थान सर्वोच्च है और संत रूपी गुरु के सानिध्य में प्राप्त ज्ञान से ही कल्याण का मार्ग प्रशस्त होता है। श्रीमहंत सत्यम गिरी महाराज ने सनातन धर्म संस्कृति को विश्व की सबसे महान संस्कृति बताया और कहा कि अखाड़े इसके संरक्षण-संवर्धन में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर कई संत-महापुरुष मौजूद रहे, जिनका परिवार सहित मनीष व्यास, सुरेंद्र पारिख, जय पारिख ने स्वागत कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.