चमोली में बादल फटने से भारी तबाही, 10 लोग लापता; राहत और बचाव कार्य जारी

Listen to this article

चमोली, 18 सितंबर 2025 – चमोली के नंदगाँव में बीती रात बादल फटने से एक भीषण आपदा आई है, जिसमें जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। स्थानीय पुलिस के अनुसार, इस घटना में अब तक 30 घर और गौशालाएँ पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं और 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।

इस आपदा के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने दो महिलाओं और एक बच्चे को घायल अवस्था में मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। लापता लोगों को खोजने के लिए बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है।

आपदा के कारण कई स्थानों पर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं और लगातार बारिश हो रही है, जिससे बचाव कार्यों में बाधा आ रही है। इन विकट परिस्थितियों के बावजूद, जिलाधिकारी संदीप तिवारी और पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार पैदल चलकर घटनास्थल पर पहुँचे। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायज़ा लिया और राहत व बचाव कार्यों को और तेज करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

चमोली पुलिस और प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने, उन्हें चिकित्सा सुविधा देने और जरूरी राहत सामग्री वितरित करने में लगे हुए हैं।

SDRF टीम की बहादुरी

SDRF पोस्ट गोचर से उप निरीक्षक जगमोहन के नेतृत्व में एक टीम मार्ग अवरुद्ध होने और भारी बारिश के बावजूद लगभग 8 किलोमीटर पैदल चलकर घटनास्थल पर पहुँची। वहाँ पहले से ही स्थानीय पुलिस और जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) की टीमें मौजूद थीं। SDRF की टीम भी लापता लोगों की तलाश और राहत कार्यों में जुट गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.