हरिद्वार संक्षिप्त: जूना अखाड़े ने दी कृष्णाशाह को जगतगुरु की उपाधि , शिव भक्तों को नियमों का पालन करने की हिदायत और गुरु पूर्णिमा पर भागवत कथा

Listen to this article

जूना अखाड़े ने कृष्णाशाह नंद गिरि को दी ‘जगतगुरु’ की उपाधि

हरिद्वार। श्रीपंच दशनाम जूना अखाड़े के संरक्षक श्रीमहंत हरि गिरि महाराज और आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि ने वाल्मीकि अखाड़े के गठन की घोषणा करते हुए कृष्णाशाह नंद गिरि महाराज को ‘जगतगुरु’ की उपाधि प्रदान की। माया देवी मंदिर में चादर विधि से उनका अभिषेक किया गया। यह अखाड़ा कुंभ में जूना अखाड़े के साथ शाही स्नान करेगा।

श्री अखंड परशुराम अखाड़े की शिवभक्तों से नियमों के पालन की अपील

हरिद्वार। श्री अखंड परशुराम अखाड़े के अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक ने प्रेस वार्ता कर कांवड़ियों से धार्मिक मर्यादा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांवड़ लाते समय नशा न करें, डीजे पर फिल्मी गानों की धुन पर देवी-देवताओं के वेश में नृत्य न करें और गूलर के पेड़ के नीचे से कांवड़ न निकालें। अखाड़ा शिवभक्तों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाएगा।

  गुरु पूर्णिमा पर चिन्मयधाम में आयोजित होगी श्रीमद्भागवत कथा

हरिद्वार। भूपतवाला स्थित चिन्मयधाम आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के उपलक्ष्य में 23 से 29 जुलाई तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथाव्यास चिन्मयानंद बापू ने बताया कि इस दौरान 24 जुलाई को पूनम दीदी की भजन संध्या और 29 जुलाई को श्रीकृष्ण रासलीला का मंचन भी होगा।

भागवत कथा सुनने मात्र से जीवन भवसागर से पार हो जाता है: स्वामी हरिचेतनानंद

हरिद्वार। खड़खड़ी स्थित निर्धन निकेतन आश्रम में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के तीसरे दिन महामंडलेश्वर स्वामी हरिचेतनानंद महाराज ने कहा कि गंगा तट पर भागवत कथा सुनने और उसके ज्ञान को जीवन में ढालने से मनुष्य का कल्याण होता है। परमाध्यक्ष स्वामी ऋषि रामकृष्ण और अन्य संतों ने भी भागवत कथा के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।

Leave A Reply

Your email address will not be published.